चंबा। दीपावली त्योहार को लेकर स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग ने मास्टर प्लान तैयार कर लिए हैं। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए दोनों विभागों की अहम भूमिका रहती है।
लिहाजा, स्वास्थ्य विभाग की ओर से आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तीन सर्जनों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई जाएगी, जिससे जलने या चोटिल होने की स्थिति में यदि कोई व्यक्ति पहुंचता है तो उसे समय पर उपचार मिले। अग्निशमन विभाग ने जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। शहर में स्थापित सभी फायर हाईड्रेंट की जांच भी की जा रही है।
गौरतलब है कि दीपावली पर अकसर दुर्घटनाओं समेत अग्निकांड की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में समय रहते स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग ने अपने स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर में संचालित फायर हाईड्रेंट का क्रमवार अग्निशमन प्रशामक की अगुवाई में जल शक्ति विभाग की टीम की अगुवाई में निरीक्षण किया गया। फायर हाईड्रेंट को संचालित कर चेक भी किया गया। दूसरी ओर, मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने दीपावली के दिन तैनात चिकित्सकों समेत तीन अन्य सर्जनों की ड्यूटी लगाई है।
मेडिकल कॉलेज चंबा के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने बताया कि दीपावली को लेकर तीन अतिरिक्त सर्जड्ड्डयूटी पर तैनात रहेंगे, जिससे चोटिल या जलने से घायल हुए मरीज को समय पर उपचार मिल सके।
अग्निशमन विभाग के प्रशामक राजेश ठाकुर ने बताया कि त्योहारी सीजन के चलते अग्निशमन जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। शहर में स्थित फायर हाईड्रेंट भी चेक कर लिए गए हैं।