चंबा में धनतेरस को लेकर आभूषणों की खरीदारी करती महिलाएं। संवाद
चंबा। धनतेरस के अवसर पर जिले के बाजारों में मंगलवार को जमकर धनवर्षा हुई। ऑटो मोबाइल, सर्राफा, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तन बाजार की चमक देखते ही बन रही थी।
शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने के लिए हजारों की संख्या में ग्राहकों की भीड़ बाजार में उमड़ी। इस दौरान चांदी के सिक्के, मूर्तियां, पायल और सोनू की बिच्छू और बालियों की खूब डिमांड रही। कुल मिला कर जिले में धन तेरस पर करीब 30 करोड़ का कारोबार हुआ है।
धनतेरस के मौके पर लोगों ने नए वाहन लेने के लिए एडवांस में बुकिंग 130 के करीब करवा रखी थी, जबकि दीपावली को लेकर जिले में 200 के करीब बाइके, स्कूटी और 50 के करीब गाड़ियों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। इसके अलावा हीरो होंडा ऑटो मोबाइल एजेंसी दानिश अली शाह ने बताया कि उनके पास धनतेरस को लेकर 25 बाइकों की बुकिंग थी, जबकि दिवाली के लिए भी एडवांस बुकिंग हो रही है। स्वर्णकार संघ जिला चंबा के अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि धनतेरस के मौके पर दुुकान में सोना और चांदी के आभूषण खरीदने वालों की काफी भीड़ रही। यही हाल शहर के अन्य ज्वेलरों की दुकानों में देखने को मिला। मारुति सुजुकी, हीरो होंडा,यामाह, बजाज, सुजुकी की एजेंसियों में भी सुबह से लेकर शाम तक वाहनों को खरीदने वाले लोगों की भीड़ लगी रही। मंगलवार को धनतेरस की खरीदारी करने वालों की बाजार में इतनी भीड़ रही कि बर्तनों, आभूषणों और मिठाइयों की दुकानों में तिल धरने की जगह नहीं थी। भद्रकाली भलेई मंदिर के पुजारी डॉ. लौकी नंद शर्मा ने बताया कि धनतेरस के दौरान बर्तन, आभूषण और मिठाइयां खरीदना शुभ रहता है।