सलूणी (चंबा)। ग्राम पंचायत भड़ेला के गांव भड़ेला में वीरवार रात को आग लगने से एक मकान राख हो गया। मकान के अंदर सो रहा परिवार व परिसर में बंधे मवेशी आग की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। वीरवार देर रात देवकी पत्नी डिन्हू निवासी गांव भड़ेला के घर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देख आसपास के लोग मदद के लिए पहुंच गए। घर में सो रहे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया। लोगों ने अपने घरों से पानी लकार मकान में लगी आग को बुुझाने का प्रयास किया। जिसके परिणाम स्वरूप आग दूसरे घरों में नहीं फैली। ग्रामीणों ने आग पर समय रहते काबू पा लिया।
पंचायत प्रधान लीला देवी ने बताया कि आग लगने की घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने शुक्रवार सुबह गांव का दौरा किया। देवकी एक गरीब परिवार से संबंध रखती है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवार को आर्थिक मदद देने की अपील की है। ताकि वह अपना आशियाना दोबारा से तैयार कर सके। तहसीलदार बालकृष्ण का कहना है कि संबंधित पटवारी को मौके पर भेजकर नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी।