भरमौर(चंबा)। बड़ग्राम पंचायत के पलानी गांव में वीरवार देर रात को दो मंजिला मकान आग लगने से स्वाह हो गया। जिससे प्रभावित को लाखों का नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि जिस समय मकान में आग लगी, उस समय घर में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। सभी सदस्य अपने रिश्तेदार की शादी में गए हुए थे। जिसकी वजह से कोई भी जानी नुकसान नहीं हुआ। आग लगने से दो मंजिला मकान में अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने रात को मकान में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया। आग इतनी भयंकर हो चुकी थी कि ग्रामीण बुझा नहीं पाए।
जानकारी के मुताबिक पलानी में स्लेटपाश मकान महाजन राम पुत्र पृथो राम का था। वीरवार को वह शादी समारोह में परिवार संग चंबा गया हुआ था। देर रात को उन्हें सूचना मिली कि उनके मकान में आग लगी हुई है। वह जैसे तैसे करके गांव पहुंचा लेकिन उसके आने तक मकान जलकर राख हो चुका था। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगा रही है। स्थानीय प्रशासन ने नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के लिए कानूनगो ज्ञान सिंह व संबंधित पटवारी को घटनास्थल पर भेजा है।
बड़ग्राम पंचायत के प्रधान काहन सिंह कपूर ने बताया कि दो मंजिला मकान जलने से महाजन राम का परिवार बेघर हुआ है। पंचायत की ओर से उसे हर संभव मदद दी जाएगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार को जल्द से जल्द सहायता राशि प्रदान की जाए।
एडीएम भरमौर पीपी सिंह ने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवार को सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार की मदद की जाएगी।