दुबई के उद्योगपति चंबा के विकास खंड सलूणी में पर्यटन पर करोड़ों रुपये निवेश करेंगे। धर्मशाला इन्वेस्टर मीट के बाद दुबई के उद्योगपति मैन शेख मोहम्मद खलीफा ने वीरवार को अपने दोस्त के साथ सलूणी व जेएंडके के साथ लगती पंचायतों का दौरा किया। वह लंगेरा, भांदल व संघनी क्षेत्रों में प्राकृतिक सुंदरता को देख काफी रोमांचित हुए। उन्होंने प्राकृतिक सुंदरता को देख यहां पर पर्यटन की दृष्टि से निवेश करने का निर्णय लिया है। इसको लेकर उन्होंने क्षेत्र में संचालित तमाम होटलों व रेस्टोरेंट के मालिकों से भी मुलाकात की।
खलीफा ने बताया कि हेली टैक्सी शुरू करके यहां पर देश विदेश के पर्यटकों को पहुंचाया जा सकता है। पर्यटक अकसर प्राकृतिक सुंदरता को देखने के लिए उत्सुक रहते हैं। जो सुंदरता सलूणी की इन दूर दराज की पंचायतों में है, ऐसी प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों को शायद अन्य स्थानों में देखने को न मिले। इसलिए वह इस क्षेत्र में पर्यटन क्षेत्र में निवेश करेंगे। इसके लिए वह जल्द ही प्रदेश सरकार से भी बात करेंगे।
जल्द ही एक प्रोजेक्ट तैयार करके इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। क्षेत्र में पर्यटन बढ़ने से बेरोजगार युुवाओं को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। इस दौरान बीडीसी उपाध्यक्ष योग सिंह गौतम, बीडीसी सदस्य मुस्ताक मोहम्मद, पूर्व पंचायत प्रधान हेमराज चंदेल, नायब तहसीलदार मोहम्मद सलीम सहित अन्य मौजूद रहे। गौतम ने बताया कि सलूणी क्षेत्र पर्यटन के लिहाज से विकसित हो सकता है। उन्होंने कहा कि वीरवार को दुबई के उद्योगपति ने सलूणी क्षेत्र के तहत आते परिक्षेत्र का भ्रमण कर क्षेत्र को हेली टैक्सी से जोड़े जाने की बात कही है।