चंबा। माई का बाग मोहल्ले में घर के लेंटर पर बने स्टोर में आग भड़क गई। आग की चपेट में आने से पीड़ित परिवार को दो लाख का नुकसान हुआ है। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग के दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। मगर सड़क नहीं होने से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मुख्य सड़क पर ही खड़ी रहीं।
इसको देखते हुए दमकल कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बाल्टियों में पानी भरकर स्टोर में लगी आग को बुझाया। आग बुधवार दोपहर दो बजे लगी। राजेश कुमार, निर्मला देवी और जयदेव तीन लोग उपरोक्त मकान के मालिक हैं।
प्रशासन की ओर से पटवारी को मौके पर भेजा गया। रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन प्रभावित परिवार को मुआवजा राशि प्रदान करेगा। जिला फायर अधिकारी राजेंद्र चौधरी ने बताया कि माई का बाग मोहल्ले में एक मकान की छत पर बने स्टोर में आग लगी थी। इसे दमकल विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बुझा दिया है।