तीसा (चंबा)। चुराह उपमंडल के डौंरी नामक स्थान पर स्थित अग्निशमन कार्यालय को भंजराडू मुख्यालय में शिफ्ट किए जाने की मांग ग्रामीणों ने उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि अग्निशमन कार्यालय भंजराडू बाजार से छह किलोमीटर दूर डौंरी नामक स्थान पर मौजूद है। भंजराडू मुख्यालय में दुकानदार सहित बैंक, स्कूल, सब जज कोर्ट सहित अन्य सरकारी दफ्तर और कार्यालय स्थित हैं। लिहाजा, सुरक्षा की लिहाज से भंजराडू मुख्यालय में ही अग्निशमन केंद्र का होना अति आवश्यक है।
भंजराडू में कुछ वर्ष पूर्व भीषण अग्निकांड हो चुका है, जिससे दुकानदारों को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। लिहाजा, सरकार ने डौंरी में अग्निशमन केंद्र का कार्यालय खोल दिया है लेकिन, भंजराडू बाजार में किसी प्रकार की अनहोनी घटना होने से छह किमी दूरी पर स्थित अग्निशमन केंद्र से गाड़ी के पहुंचने से पहले तक बड़ी त्रास्दी हो सकती है। सोनू ठाकुर, पिंकू, रवि कुमार, विजय कुमार, दीपू और हरविंद्र ने जिला प्रशासन से मांग की है कि डौंरी स्थित अग्निशमन विभाग के कार्यालय को भंजराडू मुख्यालय में शिफ्ट किया जाए, जिससे भविष्य के लिए दुकानदार सुरक्षित रहे।