बनीखेत (चंबा)। उपमंडल डलहौजी के अंतर्गत चौहड़ा से गोली तक फैले जंगल में शनिवार देर रात अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और घंटों की मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पा लिया। इससे आग रिहायशी बस्ती तक पहुंचने से पहले ही रोक दी गई।
विभाग की तत्परता के चलते किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। वनमंडल अधिकारी डलहौजी रजनीश महाजन ने बताया कि शनिवार रात लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है।
वनमंडल के अधीन करीब 9,000 हेक्टेयर वन क्षेत्र आता है, जिसमें अग्नि संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और किसी भी आग की घटना से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि जंगलों के आसपास आग का प्रयोग न करें और यदि कहीं भी आग लगती दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।