चंबा। चंबा-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग किनारे रेत के ढेर लगाने वाले लोगों के खिलाफ वन विभाग पुलिस में एफआईआर करवाएगा। वनमंडलाधिकारी डलहौजी ने उदयपुर के बीट अफसर और वन रक्षक को आदेश जारी कर रेत के ढेर जब्त करने के आदेश दिए हैं। साथ ही खनन विभाग को भी इस रेत की नीलामी करवाने के लिए कहा है। उदयपुर में एनएच और रावी नदी किनारे रेत के ढेर लगाने वाले सभी लोगों को वन विभाग ने चेतावनी जारी कर दी है।
कहा कि दो दिन के भीतर इन लोगों ने वहां से रेत के ढेर नहीं हटाए तो उनके खिलाफ वन विभाग पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाएगा। साथ ही रेत को जब्त करके खनन विभाग के सहयोग से नीलाम करेगा। उदयपुर, कियाणी, राजपुरा और चनेड़ के पास रेत के ढेर हमेशा वाहन दुर्घटना को न्योता देते रहते हैं। खननकारी पैसे कमाने के लिए नदी से रेत निकालकर सड़क किनारे जमा कर देते हैं। बाद में उसे बेचा जाता है। इससे सड़क का दायरा सिकुड़ रहा है। वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। लोग इसकी प्रशासन और संबंधित विभागों में शिकायत भी कर रहे हैं। इसके चलते वन विभाग ने इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का फैसला लिया है।
वनमंडलाधिकारी डलहौजी कमल भारती ने बताया कि उदयपुर के पास सड़क, रावी तट और खेतों में लोगों ने अवैध रूप से रेत के ढेर लगा रखे हैं। उन्हें हटाने के लिए दो दिन समय दिया गया है।