चंबा। साहो पंचायत के टप्पर गांव में दोपहर बाद मकान में आग लगने से दोमंजिला मकान राख हो गया है। अग्निकांड में मकान में शादी के लिए रखा सामान और उधार लिए पैसे समेत डिप फ्रीज और आइस्क्रीम बनाने की मशीनें भी जलकर राख हो गई है।
मकान में आग देख कर क्वार्टर से जरूरी सामान लेने आए किरायेदार ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। मकान के भीतर रखा सिलिंडर फटने से आग बेकाबू हो गई।
इससे दो मंजिला मकान और उसके भीतर रखा लाखों का सामान जल गया। मकान से उठते धुएं को देखकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। इस अग्निकांड में प्रभावित जयदियाल निवासी ग्राम पंचायत परौथा और किरायेदार को करीब सात लाख रुपये नुकसान का अनुमान है।
जानकारी अनुसार परौथा पंचायत का जयदियाल साहो बस स्टैंड में काम करता है। उसका टप्पर गांव में ही दो मंजिला मकान हैं। इसे उन्होंने अठलुंई निवासी भाइयों को किराये पर दिया है।
शनिवार दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे के करीब बस स्टैंड पर काम करने वाला सन्नी कुछ सामान लेने के लिए क्वार्टर आया था। लेकिन, मकान में आग देख वह वहां से बाहर भागा। इसके बाद एक जोरदार धमाके के साथ पूरे मकान में आग भड़क गई।
प्रभावित जयदियाल, सन्नी और शशी के मुताबिक मकान के भीतर आइसक्रीम बनाने की दो मशीनें, चार डिप फ्रीज, बैड बॉक्स, अलमारी, सहित शादी का सारा सामान और 50 हजार रुपये की नगदी भी आग की भेंट चढ़ गई है।
मकान में होने वाले धमाके और उठने वाले धुएं को देख ग्रामीण घरों में पानी के भरे बर्तनों को उठाकर आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही ग्रामीणों ने जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता से आग्रह कर 500 मीटर दूरी पर स्थित कूहल को सुचारु करवाया। इससे मकान की आग बुुझाने में ग्रामीणों को मदद मिली।
इस दौरान ग्रामीणों ने अग्निशमन विभाग को भी सूचित किया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। साहो पंचायत प्रधान सत्या देवी ने प्रशासन से प्रभावित को फौरी राहत प्रदान करने की मांग उठाई है।
कनिष्ठ अभियंता भी मौके पर पहुंचे
जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता मोसिन खान मकान में लगी आग के दौरान दूसरे गांव में मौजूद थे। सूचना मिलते ही वे भी मौके पर पहुंचें। इसके साथ ही उन्होंने समय न गवाते हुए गांव से होकर गुजरने वाली कूहल को सुचारु करवाया। इससे आग बुझाने में मदद मिली।