भरमौर (चंबा)। तहसील मुख्यालय भरमौर की सदर पंचायत के दर्जनों गांवों के लोगों को जल्द ही स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति होगी। जल शक्ति विभाग ने भरमौर इसके डीपीआर तैयार कर ली है। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से यहां 1200 मीटर लंबी पेयजल लाइन बिछाई जाएगी।
यह पेयजल लाइन भरमाणी माता मंदिर से लेकर नड्डा फिल्टर बेड पहुंचेंगी। यहां से पानी फिल्टर होने के बाद ग्रामीणों के नलों तक पहुंचेगा। जल शक्ति विभाग भरमौर की इस पहल से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है।
विभाग अब बजट स्वीकृत के इंतजार में है। इसकी मंजूरी मिलते ही विभाग टेंडर प्रक्रिया पूरी करते हुए काम शुरू करवाएगा।
गौरतलब है कि भरमाणी माता मंदिर से नड्डा नाला में फिल्टर बेड बनाए हैं। यहां भरमाणी माता मंदिर से आने वाला पानी फिल्टर किया जाएगा। इससे पहले यहां भरमाणी माता मंदिर से पानी खुले में पहुंचता था।
इससे बारिश के कारण पानी मटमैला हो जाता था। ऐसे में ग्रामीणों को मजबूर होकर दूषित पानी पानी पड़ता था। इस समस्या के समाधान के लिए कुछ दिन पहले ही विधायक जिया लाल कपूर, एडीएम भरमौर पृथी पाल सिंह सहित जल शक्ति विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। इसके बाद पाइपलाइन बिछाने की योजना को तैयार किया गया है।
जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता सरती राम शर्मा ने बताया कि करीब डेढ़ करोड़ से डीपीआर तैयार कर ली गई है। जल्द ही भरमाणी से नड्डा के बीच में पेयजल लाइन बिछाने के लिए टेंडर किए जाएंगे। इससे क्षेत्र की दस हजार की आबादी को स्वच्छ पीने का पानी मिलेगा।