भूमि, व्यक्तिगत विवरण डिजिटल रूप से दर्ज होने से योजनाओं का लाभ लेने में होगी सुविधा
विभाग ने सही जानकारी, जरूरी दस्तावेजों के साथ समय पर पंजीकरण करवाने का किया आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। भरमौर क्षेत्र के किसानों को 30 सितंबर तक अपनी फार्म रजिस्ट्री करवाने की सलाह दी गई है। कृषि विभाग के विषयवाद विशेषज्ञ जितेंद्र कुमार ने बताया कि फार्म रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों की भूमि और व्यक्तिगत जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज एवं अद्यतन की जाती है।
यह प्रक्रिया विभिन्न कृषि और बागवानी योजनाओं का लाभ लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने बताया कि पीएम-किसान निधि सहित कई सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों का भूमि रिकॉर्ड और अन्य आवश्यक विवरण सही एवं अद्यतन होना जरूरी है। पात्र किसानों को पीएम-किसान निधि के तहत सरकार की ओर से प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसके अलावा कृषि सहायता, अनुदान, फसल बीमा और ऋण जैसी सुविधाओं के लिए भी अद्यतन विवरण उपयोगी रहेगा।
जितेंद्र कुमार ने किसानों से आग्रह किया कि फार्म रजिस्ट्री करवाते समय भूमि और व्यक्तिगत विवरण सही-सही दर्ज करवाएं तथा आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि समय रहते रजिस्ट्री पूरी होने से भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में अनावश्यक परेशानी नहीं होगी। उन्होंने सभी पात्र किसानों से 30 सितंबर की समय सीमा का पालन करने की अपील की।