बारिश से गेहूं की फसल को बचाने के लिए तेज किया कटाई का कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
सिहुंता (चंबा)। भटियात क्षेत्र में गेहूं की कटाई का काम लगभग पूरा हो चुका है। इसके बाद किसान थ्रेसिंग के कार्य में जुट गए हैं। मौसम में संभावित बदलाव और बारिश के डर के चलते किसानों ने कटाई कार्य को तेजी से पूरा कर लिया है।
अब फसल को सुरक्षित करने की दिशा में काम कर रहे हैं। सिहुंता, कामला, खरगट, बिन्ना, समोट, मोतला सहित क्षेत्र की कई पंचायतों में किसान ट्रैक्टरों की मददम से गेहूं की थ्रेसिंग में जुटे हैं। किसान दिन-रात मेहनत कर गेहूं को अलग करने और चारे को सुरक्षित रखने में लगे हैं।
किसानों में कुलभूषण उपमन्यु, रणजीत सिंह, अशोक कुमार, माधो राम, कर्म चंद और भाग सिंह ने कहा कि कई जगह खेतों में ही थ्रेसिंग मशीनें लगाकर गेहूं और चारे को अलग किया जा रहा है। सभी किसान जल्द फसल को सुरक्षित भंडारण तक पहुंचाने की कोशिश में जुटे हैं। किसानों का कहना है कि इस बार मौसम को देखते हुए पहले ही कटाई कर ली गई ताकि फसल खराब न हो। अब थ्रेसिंग का काम तेजी से चल रहा है। उम्मीद है कि आने वाले कुछ दिनों में कार्य पूरा हो जाएगा। कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह ने किसानों को सलाह दी है कि जल्द गेहूं की कटाई कर दें। बारिश से अपनी फसल को बचाएं।