सलूणी चंबा। विकास खंड सलूणी के किसानों को खेतों में रोपित करने के लिए गेहूं का बीज नहीं मिल रहा है। इसकी वजह से किसान काफी परेशान हैं। पिछले बीस दिनों से सलूणी के किसानों को कृषि विभाग के कार्यालय में बीज नहीं मिल पा रहा है।
रोजाना कार्यालय के चक्कर काटने के उपरांत भी किसानों के हाथ खाली रह रहे हैं। किसान सुभाष कुमार, लेख राज, दिनेश कुमार, हंसराज, सुरेश कुमार और मनोज कुमार ने बताया कि सलूणी में कृषि विभाग में विषय वस्तु विशेषज्ञ का पद काफी समय से खाली पड़ा है। इस कारण किसानों को इस प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सर्दी का मौसम शुरू होने से पहले यानी नवंबर और दिसंबर के भीतर किसानों को खेतों में गेहूं की बिजाई करनी पड़ती है। ऐसे में यदि किसानों को समय पर बीज उपलब्ध नहीं हुआ तो उनकी फसल पर बुरा असर भी पड़ सकता है। क्योंकि समय पर बिजाई नहीं होने से गेहूं की पैदावार भी कम हो सकती है। इसलिए उन्होंने विभाग से मांग की है कि किसानों की सुविधा के लिए शीघ्र गेहूं का बीज उपलब्ध करवाया जाए।
कृषि विभाग के एडीओ रविंद्र कुमार का कहना है कि गेहूं के बीज के लिए मांग भेजी गई है जैसे ही बीज पहुंचेगा किसानों को आवंटित कर दिया जाएगा।