चंबा में सैंपल लेती स्वास्थ्य टीम।स्त्रोत:जागरूक पाठक
चंबा। त्योहारी सीजन में बाहरी राज्यों से आने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता जांचने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिला में शिकंजा कस दिया है। सोमवार को पठानकोट से बेचने के लिए पहुंची मिठाई के 12 सैंपल भरे। जिन्हें जांच के लिए विभाग अब कंडाघाट स्थित विभागीय प्रयोगशाला में भेजेगा।
जहां पर मिठाइयों की गुणवत्ता जांची जाएगी। बाहरी राज्यों से चंबा लाई जा रही मिठाइयों की गुणवत्ता जांचने के लिए सोमवार को सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक आनंद की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक ठाकुर और अन्य कर्मचारियों ने नाकेबंदी की। इस दौरान पठानकोट से मिठाई की सप्लाई लेकर चंबा पहुंचे माल वाहक वाहन को रोका गया। वाहन में रखी सभी मिठाइयों की पहले निर्माण और एक्सपायरी डेट को जांचा गया। साथ ही मिठाई की गुणवत्ता जांचने के लिए उसके सैंपल भरे गए। यह मिठाई चंबा में जिस दुकानदार ने मंगवाई थी। उसे भी विभागीय अधिकारियों ने जरूरी दिशा-निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा की टीम ने बाहरी राज्य से चंबा पहुंची मिठाई में दो-दो सैंपल गुलाब जामुन और रसगुल्ला के भरे। जबकि पंजीरी लड्डू, देसी घी, मोतीचूर लड्डू, पेठा, तेल, सोन पापड़ी और पनीर के एक-एक सैंपल भरे गए हैं।
इन सैंपलों की विभाग अपनी प्रयोगशाला में बारीकी से जांच करवाएगा। त्योहारी सीजन में अकसर बाहरी राज्यों से मिलावटी मिठाई बेचने के लिए सस्ती दरों में चंबा लाई जाती है। ऐसी मिठाई खाने से लोगों की सेहत पर बुरा असर भी पड़ सकता है। इसलिए त्योहारी सीजन में मिलावटी मिठाई चंबा में न बिके, इसके लिए विभाग पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा चंबा दीपक आनंद ने बताया कि त्योहारी सीजन में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए उन सभी खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे जा रहे हैं। जो कि त्योहारी सीजन में बाजार में बिकने के लिए लाए जाते हैं। ताकि लोगों की सेहत पर किसी प्रकार से बुरा असर न पड़े।