पांगी में मटर की बिजाई करने में जुटी महिलाएं
पांगी (चंबा)। घाटी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों जैसे चस्क भुटोरी, हुड़ान भुटोरी, सुराल भुटोरी, सेरी, करयूनी, हिलुटुवान सहित शुण में ग्रामीण मटर की बिजाई में जुट गए हैं। क्षेत्र में तैयार होने वाली मटर की फसल को किसान हिमाचल की मंडियों भुंतर, चंबा समेत पठानकोट और जालंधर में बेचकर मोटी कमाई करते हैं। इतना ही नहीं, वर्ष 2023-2024 में किसानों ने 500 क्विंटल मटर का बीज खरीदा। वहीं, इस बार यह मांग 750 क्विंटल के करीब पहुंच गई है। किसानों मान सिंह, देवराज, पवन कुमार, सतीश कुमार, सुरेश कुमार, रोबिन कुमार, विश्वनाथ, दीपक कुमार, देवी लाल आदि ने बताया कि कबायली क्षेत्र पांगी में मटर के बीज पर किसानों को अनुदान मिलता है। साथ ही पांगी का मटर पौष्टिकता से भी भरपूर होता है।
कृषि विभाग के एसएमएस नरेश कुमार ने बताया कि पांगी के किसानों को 40 प्रतिशत अनुदान पर बीज मुहैया करवा जा रहा है जो किसानों को 90 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से दिया जा रहा है। अब तक किसानों को 650 क्विंटल मटर का बीज आवंटित किया जा चुका है। किसानों की मांग पर 100 क्विंटल बीज की और मांग निदेशालय भेजी है।