चंबा। वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) के तहत लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए, जिससे विकासात्मक परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो। यह निर्देश उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने उपमंडल डलहौजी और भरमौर में कार्यान्वित की जा रही विभिन्न विकास परियोजनाओं से संबंधित अनुमति मामलों की प्रगति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए।
उन्होंने वन मंडल अधिकारी भरमौर और डलहौजी को निर्देश दिए कि एफसीए मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए प्रभावी और समन्वित कदम उठाएं। सभी संबंधित अधिकारी स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करें, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने अंतर-विभागीय समन्वय पर बल देते हुए विभिन्न चरणों में आने वाली आपत्तियों के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की। बैठक में वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन, जिला राजस्व अधिकारी विक्रमजीत सिंह तथा अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी उपस्थित रहे।