चुराह (चंबा)। चुराह के सरकारी स्कूलों को सुदृढ़ करने के लिए अधिकारी अब उन्हें गोद लेंगे। इस संबंध में शनिवार को एसडीएम तीसा अंकुर ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल रहे। बैठक के दौरान ‘अपना विद्यालय’ कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई और इसकी कार्य योजना तैयार की गई।
एसडीएम ने बताया कि ‘अपना विद्यालय’ कार्यक्रम के तहत हर अधिकारी एक सरकारी स्कूल को गोद लेगा। अधिकारी साल में तीन बार स्कूल का दौरा करेंगे और बच्चों की समस्याओं पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही स्कूलों के शैक्षणिक और भौतिक विकास में योगदान देंगे। कार्यक्रम के तहत स्कूलों की अंतिम सूची तीन दिनों के भीतर तैयार कर ली जाएगी।
अधिकारी इन स्कूलों में शिक्षा और व्यवस्थाओं की नियमित रूप से जांच करेंगे। केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए इस कार्यक्रम को चंबा और सलूणी उपमंडल में पहले ही लागू किया जा चुका है। अब इसे तीसा में भी प्रभावी रूप से लागू करने की योजना है। एसडीएम अंकुर ठाकुर ने कहा कि यह कार्यक्रम सरकारी स्कूलों की दशा सुधारने और छात्रों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। अधिकारियों का सक्रिय सहयोग स्कूलों के समग्र विकास में सहायक होगा।