चंबा। जिला मुख्यालय चंबा में शीत ऋतु के दौरान आपदा प्रबंधन की तैयारियों के संबंध में एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा को निर्देश दिए शीत ऋतु के दौरान जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं सहित विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूल भवनों को असुरक्षित घोषित करने संबंधी प्रक्रिया को न्यूनतम समय अवधि में पूर्ण किया जाए और संबंधित एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में इस संबंध नियमित समीक्षा करें।
कुलदीप सिंह पठानिया ने जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि वे इस साल कम वर्षा के कारण प्रभावित होने वाली पेयजल योजनाओं की स्थिति में वैकल्पिक योजनाओं से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एहतियातन कदम उठाएं। ऐसी पेयजल योजना क्षेत्रों के आसपास भू-रिचार्ज और जल संरक्षण के लिए भी एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाए। उन्होंने दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि वे मोबाइल टावरों में दो से तीन दिन तक का पावर बैकअप कायम रखें। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा और विभिन्न उपमंडलाधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे आपात सेवाओं से संबंधित संस्थाओं और स्थानों पर भी दो से तीन दिन तक का अतिरिक्त पावर बैकअप कायम रखें। उन्होंने सभी उपमंडलाधिकारियों को ये भी निर्देश दिए कि वे अपने स्तर पर भी शीत ऋतु से पूर्व आपदा प्रबंधन से संबंधित तैयारियों बारे उपमंडल स्तर के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर लें। इसके अतिरिक्त बैठक में सुशासन सूचकांक के संबंध में जिला चंबा के प्रदर्शन बारे भी विधानसभा अध्यक्ष ने विभिन्न विभागों से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई और संबंधित विभागीय अधिकारियों को महत्त्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।