चंबा। विद्युत उपमंडल चंबा प्रथम के तहत बिजली बिल जमा न करवाने वाले 376 उपभोक्ताओं के अस्थायी तौर पर कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इस संदर्भ में विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता राज सिंह ने आदेश जारी कर दिए हैं। गौरतलब है कि उपभोक्ताओं ने लंबे समय से बिल जमा नहीं करवाए हैं। इससे पहले भी बिजली बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं को कई बार कर्मचारियों के माध्यम से बिजली बिल जमा करवाने के निर्देश दिए थे, लेकिन किसी ने बिल जमा नहीं करवाया।
अब बोर्ड ने बिजली काटने के आदेश जारी किए हैं। दोबारा से कनेक्शन चालू करवाने के लिए उपभोक्ताओं को ढाई सौ रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा। शहर समेत विभिन्न पंचायतों के 376 उपभोक्ताओं के पास करीब 22,22,634 रुपये बिजली बिल के रूप में फंसे हुए हैं। विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता राज सिंह ने खबर की पुष्टि की है। कहा कि अगर उपभोक्ता बिल जमा नहीं करवाते हैं तो इनके कनेक्शन स्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे।