चंबा। बिजली बोर्ड ने बिल जमा नहीं करवाने वाले 584 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए हैं। इन उपभोक्ताओं को बिल जमा करवाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। इसके बाद जो उपभोक्ता बिल अदा नहीं करेगा, उसका बिजली कनेक्शन अस्थाई तौर पर काट दिया जाएगा। ऐसा होने पर उपभोक्ता को दोबारा से कनेक्शन लेने के लिए 250 रुपये का अतिरिक्त शुल्क चुकाना होगा।
बिजली बोर्ड के मुताबिक इन उपभोक्ताओं से बोर्ड ने बिल के रूप में 33.19 लाख रुपये लेने हैं। इसकी अदायगी करने में उपभोक्ता आनाकानी कर रहे हैं। बार-बार सूचित करने के उपरांत भी उपभोक्ताओं ने लंबित बिल जमा करवाने में दिलचस्पी नहीं दिखाई है। इसके चलते बोर्ड ने अब उपभोक्ताओं के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने का फैसला लिया है। जिन उपभोक्ताओं के अस्थाई तौर पर कनेक्शन कटेंगे उसके 15 दिन बाद उनका स्थायी तौर पर भी बिजली कनेक्शन कट सकता है। इसलिए बोर्ड ने उपभोक्ताओं को साफ तौर पर हिदायत दी है कि वे अपना लंबित बिल समय पर जमा करवा दें। अन्यथा उन्हें बिना बिजली भी रहना पड़ सकता है। बोर्ड के सहायक अभियंता हंस राज चौहान ने बताया कि बिल जमा नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। 15 दिन के भीतर उन्हें बिल जमा करवाने के आदेश दिए गए हैं। इसके बाद उनके अस्थाई तौर पर बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे।