डलहौजी (चंबा)। विद्युत उपमंडल डलहौजी के तहत आने वाले सभी विद्युत उपभोक्ता अब बिलिंग काउंटर पर बिजली बिल जमा नहीं करवा सकेंगे। वैश्विक महामारी को देेखते हुए बिलिंग काउंटरों पर उमड़ने वाली भीड़ को खत्म करने के लिए विद्युत उपमंडल डलहौजी ने यह निर्णय लिया है। इसके तहत अब आगामी बिजली बिलों को उपभोक्ता ऑनलाइन ही जमा करवा सकेंगे। इससे उनके समय और पैसों की भी बचत होगी।
गौरतलब है कि विद्युत उपमंडल डलहौजी के तहत सैकड़ों बिजली उपभोक्ता आते हैं। उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए बोर्ड प्रबंधन की ओर से कई जगह बिलिंग काउंटर लगाए गए थे। अब ये काउंटर बंद कर दिए गए हैं। लिहाजा, अब उपभोक्ता ऑनलाइन ही अपने बिजली बिल जमा करवा सकेंगे।
यहां पर जमा करवा सकेंगे बिजली बिल
उपभोक्ताओं को एचपीएसईबीएल एप, गूगल पे, पेटीएम, एसबीआई एप, अमेजन एप सहित अन्य एप पर बिजली बिल जमा करवाने की सुविधा दी गई है। इसके अलावा उपभोक्ता अपने नजदीकी लोक मित्र केंद्र में भी बिजली बिल जमा करवा सकते हैं। इसके अलावा किसी उपभोक्ता को ऑनलाइन बिजली बिल जमा करवाने में कोई दिक्कत हो रही हो तो वे विद्युत उपमंडल डलहौजी के कार्यालय काउंटर पर किसी भी दिन बिजली बिल जमा करवा सकता है। विद्युत उपमंडल डलहौजी के सहायक अभियंता ने बताया कि कोविड महामारी के चलते लोगों की भीड़ कम करने के लिए विद्युत उपमंडल डलहौजी के उपभोक्ताओं को अब ऑनलाइन ही बिजली बिल जमा करवाने होंगे। विभिन्न जगह पर लगाए गए काउंटरों को हटा दिया गया है। ऑनलाइन बिल जमा करवाने के लिए प्रोत्साहन देने को लेकर ही यह निर्णय लिया गया है।