खज्जियार (चंबा)। मिनी स्विट्जरलैंड खज्जियार की तीन पंचायतों में 12 घंटे बिजली गुल रही। इसके अलावा बिजली की आंख मिचौनी अभी तक जारी है। इसकी वजह से ग्रामीण काफी परेशान हैं। रविवार देर शाम सात बजे बिजली अचानक गुल हो गई। जोकि सोमवार सुबह सात बजे बहाल हुई।
इसके बाद सोमवार को भी बिजली की आंख मिचौनी चलती रही। बार-बार बिजली के आने-जाने का दौर चलता रहा है। इसकी वजह से तीन पंचायतों के लोग काफी परेशान हुए।
लोगों ने बिजली गुल होने के पीछे खज्जियार पंचायत के पुखरी गांव में बिजली के खंभों की कमी को बताया है। गांव में बिजली की लाइनों के लंबे स्पैन है। इसकी वजह से बर्फबारी या तेज हवा चलने से लाइनें आपस में टकरा जाती हैं, और बिजली गुल हो जाती है।
ग्रामीण कर्म चंद, धर्म सिंह, सुरेश कुमार, अमर चंद, अशोक कुमार, चमन लाल, राजकुमार, पवन कुमार और सुरेंद्र ने बताया कि उपरोक्त समस्या के बारे में ग्रामीण सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कर चुके हैं।
बावजूद इसके अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इसको लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। उन्होंने प्रशासन से पुखरी गांव में खंभों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। ऐसा होने से क्षेत्र के लोगों को बिजली कटों से निजात मिल जाएगी।
बोर्ड के अधिशाषी अभियंता पवन शर्मा ने बताया कि पुखरी गांव में एलटी के खंभे लगाने के लिए संबंधित अधिकारी को दे दिए जाएंगे।