कियाणी (चंबा)। विकास खंड चंबा के तहत चार पंचायतों में अंधेरा पसरा है। इसके चलते ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र की चार पंचायतों में शुक्रवार शाम सात बजे से बिजली गुल है। मगर अभी तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। शनिवार को भी बिजली नहीं होने के कारण ग्रामीणों को दिक्कतें पेश आई।
ग्रामीणों का कहना है कि इन पंचायतों में पिछले एक माह से बिजली के बार-बार गुल होने की समस्या चली रहती है। मगर बोर्ड की तरफ से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है।
ग्राम पंचायत कियाणी, पुखरी, राजनगर और चकलू की आबादी करीब दस हजार है। बिजली गुल होने से शुक्रवार रात और शनिवार को लोग बिना बिजली के गुजारा कर रहे हैं।
कियाणी पंचायत उपप्रधान सुरजीत जंदरोटिया, राजू, कुलदीप कुमार, अजय कुमार, हेमंत सिंह, नीरज, आवास कुमार, टेक चंद, हेम सिंह और देसराज का कहना है कि बिजली बोर्ड उन्हें कोटी सब स्टेशन से बिजली मुहैया करवा रहा है। मगर उन्हें पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। ऐसे में उनके बिना बिजली के गर्मी में पसीने छूट रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें भनौता से बिजली की आपूर्ति की जाती है, तो इस तरह की समस्या हल हो जाएगी। ग्रामीणों ने बिजली बोर्ड से मांग की कि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। इसके साथ ही भनौता सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति करवाने की योजना तैयार की जाए।
बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता अजय कुमार का कहना है कि तकनीकी खराबी आने के चलते बिजली बाधित है। उन्होंने कहा कि बोर्ड की टीम बिजली बहाल करने में जुटी है। जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।