चुवाड़ी (चंबा)। बिजली बिलों का भुगतान नहीं करने वाले चुवाड़ी उपमंडल के उपभोक्ताओं पर अब विद्युत बोर्ड ने शिकंजा कस दिया है। उपमंडल के करीब 70 डिफॉल्टर उपभोक्ताओं को विद्युत बोर्ड ने नोटिस जारी कर जल्द बिलों का भुगतान करने के निर्देश जारी किए हैं। नोटिस में 15 दिन के भीतर लंबित बिल भरने को कहा गया है।
इस अवधि के बाद अगर बिलों का भुगतान नहीं होता है, तो किसी भी पूर्व सूचना के डिफॉल्टर उपभोक्ता के बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे। यह नोटिस आनलाइन सैप एप्लीकेशन से जारी किए गए हैं। उपभोक्ता को दोबारा से कनेक्शन हासिल करने के लिए 250 रुपये की अतिरिक्त फीस अदा करनी होगी। बिजली बोर्ड की कार्रवाई से डिफॉल्टर उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है।
जानकारी अनुसार 70 डिफॉल्टर उपभोक्ताओं से 10 लाख 40 हजार 468 रुपये बिजली बिल की राशि बकाया है। इन उपभोक्ताओं को कई बार बिलों का भुगतान करने के लिए बोर्ड ने सूचित किया है। बावजूद इसके लंबे अरसे से उपभोक्ताओं ने बिल जमा नहीं करवाए हैं। इस अवधि में बिजली बोर्ड ने दोबारा फिर उन्हें बिलों का भुगतान करने को कहा है। लेकिन, उपभोक्ताओं ने इन निर्देशों को भी हल्के में ही लिया।
उपभोक्ताओं के इस रवैया के देखते हुए बिजली बोर्ड चुवाड़ी ने इनके खिलाफ कार्रवाई का फैसला लिया है। इन उपभोक्ताओं को डिफॉल्टर घोषित करते हुए बोर्ड ने नोटिस जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही स्पष्ट कर दिया है कि 15 दिन के भीतर लंबित बिलों का भुगतान हर हाल में करना होगा।
बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता राकेश वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में 70 डिफॉल्टर उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। डिफॉल्टरों को 15 दिनों के भीतर बिजली बिल जमा न होने पर उनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे।