चंबा। बचत भवन चंबा में हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी सेवाएं महासंघ का 54वां स्थापना दिवस मनाया गया। जिसकी अध्यक्षता महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष विनोद ठाकुर ने की। उपायुक्त डीसी राणा कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहे। सर्वप्रथम जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष मनोज कुमार नरयाल की कोरोना काल में हुई मृत्यु पर शोक प्रकट किया गया। उसके पश्चात उपायुक्त डीसी राणा को महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष विनोद कुमार ने शॉल, टोपी तथा स्मृति चिन्ह देकर के सम्मानित किया। उपायुक्त ने सभी कर्मचारियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। प्रदेशाध्यक्ष ने पूर्व कर्मचारी नेताओं बृजमोहन बेदी, दलबीर चौहान, बलदेव शर्मा तथा अब्दुल हमीद को शॉल, टोपी स्मृति देकर सम्मानित किया गया।
प्रवीण कुमार मेहता ने कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष विनोद कुमार, राज्य उपाध्यक्ष शीला को शॉल टोपी व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। प्रदेशाध्यक्ष ने कर्मचारियों को उनकी मांगों जैसे पुरानी पेंशन बहाली, सातवें वेतन आयोग को लागू करना, कर्मचारियों को आवास सुविधा प्रदान करवाना तथा अन्य प्रकार की मांगों को सरकार से मनवाने का प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि वह शीघ्र कर्मचारियों को जेसीसी मीटिंग के लिए आमंत्रित करें। कार्यक्रम में जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के रिक्त पदों को सर्वसम्मति से भरा गया। जिसमें धर्मेंद्र शर्मा को अध्यक्ष पद के लिए चुना गया। सुनील कुमार व नरेंद्र ठाकुर को उपाध्यक्ष तथा अभिमन्यु ठाकुर को चीफ एडवाइजर बनाया गया।