चंबा। पांगी उपमंडल के रेई गांव निवासी 75 वर्षीय राधा लाल ने आरोप लगाया कि अधवारी में भेड़-बकरियां चराने के लिए जाते समय सुमदेई ने उन पर और उनके पशुओं पर पथराव कर दिया।
इस घटना में एक भेड़ और एक बकरे की मौत हो गई जबकि पांच भेड़-बकरियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। पीड़ित राधा लाल ने बताया कि 17 जून को गांव रेई प्रजा की सभा आयोजित की गई थी। सभा में निर्णय लिया था कि अगले दिन से ग्रामीण अपनी भेड़-बकरियों को जंगल के बजाय अधवारी क्षेत्र में चराने के लिए ले जा सकेंगे। इसी निर्णय के तहत वह अपनी भेड़-बकरियां लेकर अधवारी जा रहे थे। पीड़ित का कहना है कि अचानक हुए इस हमले से वह काफी भयभीत हैं। उन्होंने उप मंडलाधिकारी (एसडीएम) पांगी से सुरक्षा प्रदान करने और उन्हें हुए नुकसान की भरपाई करवाने की मांग की है। उधर, एसडीएम अमनदीप ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है। मामले की जांच के लिए एसएचओ को निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद