चंबा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान अच्छरू राम। संवाद
तेलका/सलूणी (चंबा)। पोते के साथ खेत में कुन्नू (घास का ढेर लगाना) लगाने गए अच्छरु राम बेसुध हालत में एक किलोमीटर दूर बलोखी गांव के समीप बेसुध हालत में मिले हैं। घास काटने के लिए शुक्रवार सुबह निकले गांव के चनालू राम ने बुजुर्ग को देखकर ग्रामीणों को सूचित किया।
परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बुुजुर्ग को मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग के सिर में खून का हल्का थक्का जम गया है। इसका ऑपरेशन हो सकता है।
बुजुर्ग अच्छरु के भतीजे काकू राम ने बताया कि वह तेलका के सालवां के रहने वाले हैं। बुधवार शाम को 7:00 बजे कुन्नू लगाने के लिए पोते के साथ खेत में गए थे। आधा कुन्नू लगाने के बाद बुजुर्ग ने अपने पोते को घर भेज दिया। परिजन 8:00 बजे तक इंतजार करते रहे, लेकिन घर नहीं लौटे। परिवार के सदस्यों ने तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं चला। इसके बाद पुलिस चौकी तेलका में शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद ग्रामीणों, पुलिस और वन विभाग की टीम ने आस-पास के जंगल का चप्पा-चप्पा छान मारा, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। आखिरकार टीम खाली हाथ लौट आई। अब खेत से एक किलोमीटर दूर वह बेसुध हालत में मिले हैं।