पहाड़ी से गिरने के बाद 300 मीटर नीचे भरमौर-पठानकोट हाईवे पर आ गिरीं इसरो
एंबुलेंस से पहुंचाईं मेडिकल कॉलेज, चिकित्सकों ने घोषित किया मृत
संवाद न्यूज एजेंसी
धरवाला (चंबा)। जांघी परिक्षेत्र में पहाड़ी पर घास काट रही बुजुर्ग की पैर फिसलकर गिरने से मौत हो गई है। संतुलन बिगड़ने से बुजुर्ग करीब 300 फीट नीचे भरमौर-पठानकोट हाईवे पर आ गिरी।
यह घटना बीते मंगलवार को शाम 5:30 बजे की बताई जा रही है। बुजुर्ग के पहाड़ी से गिरने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। उन्होंने महिला को एंबुलेंस के जरिये मेडिकल कॉलेज पहुंचाया लेकिन ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने महिला को मृत कराड्दे दिया। महिला की पहचान इसरो देवी 53 साल पत्नी प्रवीण कुमार निवासी जांघी के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम के बाद बुजुर्ग का शव परिजनों को सौंप दिया है। बुजुर्ग घर के साथ पहाड़ी से मवेशियों के लिए घास लेने गई थीं। घास काटते वक्त उनका पैर फिसल गया।
मृतका की दो बेटियां हैं। इनकी शादी हो चुकी है। उनका बेटा पुलिस में है। घर पर पति और बुजुर्ग ससुर हैं। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही उनका बेटा बुधवार सुबह घर पहुंचा। प्रशासन ने मृतका के परिवार को 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी है। बुजुर्ग का पैतृक श्मशानघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि घास काट रही महिला का संतुलन बिगड़ने से गिरकर मौत हो गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।