चंबा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेलका समेत कुछ निजी स्टोरों से आठ दवाइयों के सैंपल भरे हैं। इनमें बच्चों की खांसी की दवा, इंजेक्शन और अन्य बीमारी की दवाइयां शामिल हैं। इन्हें गुणवत्ता जांच के लिए विभाग की प्रयोगशाला में भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के सलूणी, तेलका और आसपास के इलाकों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सरकारी अस्पतालों में मरीजों को दी जाने वाली दवाओं की बारीकी से जांच की गई। पीएचसी तेलका से एक दवा का सैंपल लिया, जबकि क्षेत्र में संचालित निजी दवा स्टोरों से सात दवाइयों के नमूने लिए गए।
बरसात के मौसम में खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ने से इन दवाइयों की मांग भी बढ़ी है। इसे देखते हुए विभाग ने सरकारी व निजी स्टोरों में बिक रही दवाओं की गुणवत्ता जांचने के लिए अभियान शुरू किया है। उधर, राज्य सहायक दवा नियंत्रक निशांत सरीन ने बताया कि मरीजों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आठ दवाओं के सैंपल लेकर जांच के लिए कंडाघाट भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।