सिहुंता (चंबा)। विधानसभा क्षेत्र भटियात के तहत आते कामला क्षेत्र के ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। क्षेत्र में कोई भी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र उपलब्ध न होने के कारण लोगों को सर्दी-जुकाम और अन्य छोटी बीमारियों के उपचार के लिए पांच किलोमीटर दूर सिहुंता या फिर आठ किलोमीटर दूर टूंडी पंचायत का रुख करना पड़ता है।
ग्रामीण अभिनव कुमार, रजत कुमार, रोहन कुमार, संजय कुमार और अमित कुमार का कहना है कि सालों से मांग करने के बावजूद अभी तक कामला में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई गई। बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को बीमारी की स्थिति में दूर-दराज के स्वास्थ्य केंद्रों की यात्रा करनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।
स्थानीय लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष और प्रशासन से यह मांग उठाई है कि कामला में कम-से-कम आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र खोला जाए, ताकि सामान्य बीमारियों का उपचार स्थानीय स्तर पर हो सके और ग्रामीणों को राहत मिले।