कामला पंचायत में निकासी नालियों का काम अधूरा रहने से बढ़ीं किसानों की दिक्कतें
किसानों का आरोप - पीडब्ल्यूडी ने सही तरीके से बहाल नहीं की कूहल, रुका प्रवाह
संवाद न्यूज एजेंसी
सिहुंता (चंबा)। पंचायत कामला में निकासी नालियों का निर्माण कार्य अधूरा रहने से किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है। निर्माण कार्य के चलते कूहल बंद हो गई है।
इससे किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। धान की रोपाई का समय चल रहा है लेकिन खेत सूखे पड़े हैं। किसानों ने कहा कि गांव की पारंपरिक कूहल से ही उनके खेतों की सिंचाई होती थी लेकिन पीडब्ल्यूडी ने नालियों के निर्माण के दौरान कूहल को सही तरीके से बहाल नहीं किया। इस कारण पानी का प्रवाह रुक गया है।
किसानों में महिंद्र सिंह, मनोहर लाल, सुनील कुमार, प्रीतम चंद, साली राम, करनैल सिंह, नानक चंद और कुलदीप कुमार ने बताया कि उनके खेती पूरी तरह कूहल के पानी पर निर्भर हैं। नालियों का काम अधूरा छोड़ने से पानी खेतों तक नहीं पहुंच रहा है। किसानों ने विभाग से मांग की है कि अधूरा कार्य जल्द पूरा किया जाए और बंद हुई कूहल को तुरंत बहाल किया जाए।
उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता करनैल सिंह ने बताया कि जल्द ही कार्य पूरा करवाकर समस्या का समाधान किया जाएगा।