महिलाओं ने प्रभात फेरी निकाल लक्ष्मी नारायण मंदिर में किया भजन-कीर्तन
संवाद न्यूज एजेंसी
नैणीखड्ड (चंबा)। कार्तिक मास के अवसर पर नैणीखड्ड गांव में मंगलवार और बुधवार को महिलाओं ने प्रभात फेरी निकाली। ब्रह्म मुहूर्त में ढोलक और मंजीरों की थाप पर भजन गाती महिलाओं की टोली गांव की गलियों से गुजरी। प्रभु के भजनों से माहौल भक्तिमय हो गया।
प्रभात फेरी गांव के प्रसिद्ध लक्ष्मी नारायण मंदिर में संपन्न हुई। यहां महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। रेखा देवी ने बताया कि कार्तिक मास में प्रभात फेरी निकालने, तुलसी पूजन और दीपदान का विशेष महत्व है। इस दौरान भगवान का स्मरण करने से मन को शांति मिलती है। वहीं, इंदु देवी ने कहा कि प्रभात फेरी निकालने की परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है। गांव की महिलाएं आज भी पूरी श्रद्धा के साथ इसका निर्वहन कर रही हैं। ऐसे आयोजनों से आपसी मेलजोल बढ़ता है और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति व परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।