बनीखेत (चंबा)। उपमंडल डलहौजी के तहत विभिन्न क्षेत्रों में बने कंटेनमेंट जोन का डीएसपी विशाल वर्मा ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को जागरूक किया। इसके साथ ही कोविड नियमों की अनुपालना करने का पाठ भी पढ़ाया।
गौरतलब है कि पुलिस टीम कंटेनमेंट जोन में लगातार गश्त कर रही है। इसी कड़ी में शनिवार को डीएसपी विशाल वर्मा ने ग्राम पंचायत नैणीखड्ड, बनीखेत, मलूंड़ा, बाथरी और ओसल गांव का दौरा किया। इसके बाद गोली, देविदेहरा और बाथरी बाजार का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कंटेनमेंट जोन में कुछ दुकानें खुली पाई गई। इन दुकानों को बंद करवा दिया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि जब तक उनका इलाका कंटेनमेंट जोन से बाहर नहीं आ जाता, तब तक कोई भी दुकान खोली नहीं जाएगी।
उन्होंने बेवजह बाहर निकलने वाले लोगों को भी घरों में ही रहने की अपील की। उन्होंने लोगों से कहा कि जरूरी कार्य के लिए ही अपने घर से बाहर निकलें अन्यथा घर पर ही रहें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण का कहर गांवों में अधिक है। इस समय सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आवाजाही करने से बचें। साथ ही बिना मास्क घरों से बाहर न निकलें।