चंबा के कुरांह कूडा संयत्र में बोरे में भरकर रखा गया कूड़ा।संवाद
चंबा। चंबा शहर से टनों के हिसाब से निकलने वाले सूखे कचरे से बने पैकेट को डंपिंग साइट से नहीं उठाया जा रहा है। इस कारण वहां कूड़े के पहाड़ बनते जा रहे हैं।
कूड़ा संयंत्र कुंराह में फिर से गंदगी फैल रही है। एक तरफ सूखे कचरे के ढेर लगे हैं तो दूसरी तरफ पैकेट के ढेर लग गए हैं। हालांकि, प्रशासन के सख्त निर्देश हैं कि डंपिंग साइट पर गंदगी का आलम न हो, लेकिन सूखे कचरे के इतने ढेर लग गए हैं कि खड़े होने के लिए भी जगह नहीं बची है। इससे लोग काफी परेशान हैं। कूड़ा लोगों के घरों तक पहुंच रहा है।
गौरतलब है कि नगर परिषद की गाड़ी हर दिन टनों के हिसाब से शहर का कचरा कूड़ा संयंत्र तक पहुंचाती है। इससे पैकेट बनाए जाते हैं। कूड़ा संयंत्र में तैनात सफाई कर्मचारियों ने सूखे कचरे से पैकेट तो बनाए हैं, लेकिन उन्हें वहां से नहीं उठाया जा रहा है। ऐसे में शहर और कचरे आने से कचरा फेंकने के लिए जगह भी कम पड़ गई है। बता दें कि अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के दौरान चारों चौगान से निकलने वाला कचरा कुंराह पहुंच रहा हैं। ऐसे में वहां पहाड़ बनते जा रहे हैं। इससे सफाई कर्मचारी परेशान हो रहे हैं। स्थानीय लोगों की दिक्कतें भी बढ़ गई हैं।
उधर, नगर परिषद की अध्यक्ष नीलम नैय्यर ने कहा कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। जल्द ही समस्या का समाधान करने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।