चंबा। उपमंडल चंबा के तहत आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जलजीवन मिशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। योजना के तहत आवेदन करने वाले ग्रामीणों को कई माह से कार्यालय के चक्कर काटने के बावजूद योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। हर बार ग्रामीणों को पेयजल के लिए ढाई इंच के पाइप न होने का हवाला दिया जाता है। इससे घरों में पेयजल की आपूर्ति होने की आस लगाए बैठे ग्रामीण स्वयं को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।
केंद्र सरकार ने वर्ष 2019 में हर घर जल योजना के तहत निर्धन परिवारों के लोगों के घरों में निशुल्क पेयजल कनेक्शन देने सहित पानी की सप्लाई पहुंचाने का निर्णय किया। इसके तहत बाकायदा योजना को धरातल पर लाने के लिए कार्य भी शुरू हुआ। बावजूद इसके बीते पांच माह से विधानसभा क्षेत्र चंबा के तहत आते ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवेदन करने के बावजूद पेयजल का कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है। इससे आवेदकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों राकेश कुमार, मनीष कुमार, दिलीप कुमार, सुरेंद्र कुमार, मनोहर लाल, रविंद्र कुमार, चतर सिंह, अशोक कुमार आदि ने बताया कि हर घर नल योजना के तहत आवेदन करने के बावजूद पानी के कनेक्शन नहीं मिल रहे हैं। जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राजिंद्र सिंह ने बताया कि पेयजल के ढाई इंच के पाइपों की डिमांड भेजी गई है। विभाग की ओर से करीब 400 टन पाइपों की मांग की है।