चंबा। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण चंबा शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि लोगों को दूर-दराज के इलाकों से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। करियां पंचायत के जुकाड़ी वार्ड में पानी का संकट गहराता जा रहा है। यहां लोग बोरवेल से पानी ले रहे थे, लेकिन भारी बारिश के कारण बोरवेल पूरी तरह बह गया और साथ ही पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइनें भी मलबे में बह गईं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि तीन दिन से पानी की एक बूंद भी नल में नहीं आई है। लोगों को अब प्राकृतिक स्रोतों या निजी साधनों से पानी लाने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है। कई घरों में साफ पानी का भंडारण न होने से घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो गया है।
जलशक्ति विभाग के एक्सईएन जितेंद्र शर्मा ने बताया कि भारी नुकसान हुआ है, लेकिन मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।