फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chamba News: तीसरे दिन भी शेष विश्व से कटा रहा चंबा

Wed, 27 Aug 2025 11:35 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चम्बा
विज्ञापन
विज्ञापन
चंबा। भारी बारिश और भूस्खलन के बाद जिले में सोमवार से ठप दूरसंचार सेवाएं बुधवार को भी बंद रहीं और जिले के लोग शेष विश्व से कटे रहे। लगातार तीसरे दिन भी मोबाइल नेटवर्क न चलने से लोगों की परेशानियां दोगुनी हो गई हैं। जिला मुख्यालय चंबा सहित भरमौर, पांगी, तीसा, सलूणी और अन्य उपमंडलों में मोबाइल सेवाएं बंद पड़ी हैं। संचार बाधित होने से सबसे ज्यादा दिक्कत मणिमहेश यात्रा में फंसे श्रद्धालुओं और उनके घरों में बैठे परिजनों को हो रही है। परिजन अपने प्रियजनों का हाल जानने के लिए चिंता में डूबे हैं, लेकिन मोबाइल नेटवर्क ठप रहने के कारण संपर्क साधना नामुमकिन हो गया है। सूत्रों के मुताबिक मोबाइल नेटवर्क ठप होने के पीछे तकनीकी खराबी मुख्य वजह है, लेकिन मार्ग बंद होने के कारण तकनीकी टीमें प्रभावित स्थानों तक नहीं पहुंच पा रही हैं। कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित रहने से भी मोबाइल टावर पूरी तरह काम नहीं कर पा रहे। प्रशासन ने दावा किया है कि मौसम में सुधार और मार्ग खुलते ही मोबाइल सेवाओं को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया जाएगा। उधर, लोगों का कहना है कि सड़कें बंद होने से पहले ही मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं और अब मोबाइल सेवाएं बंद होने से हालात और खराब हो गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में संपर्क न हो पाना आमजन के लिए सबसे बड़ी समस्या बन गया है। संचार सेवाओं और सड़क मार्ग दोनों के बाधित रहने से चंबा जिला पूरी तरह से देश, प्रदेश और शेष विश्व से कट चुका है। यह स्थिति न केवल प्रशासनिक चुनौतियों को बढ़ा रही है बल्कि आम जनता को भी भारी संकट में डाल रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें