तेलका (चंबा)। तेलका बाजार, खिल, सालवां और कौंथी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में पेयजल संकट ने गंभीर रूप ले लिया है। एक सप्ताह से क्षतिग्रस्त मुख्य पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति बाधित है। जिस कारण 1200 के करीब पेयजल उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब से मेन पाइप से गांव जिलोह के लिए कनेक्शन दिया गया है, तब से संघणी पेयजल योजना के तहत टैंकों तक भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
ग्रामीण लोग, उत्तम सिंह, चमन लाल, मनोज कुमार, राहुल कुमार, जगदीश,संजीव, मनजीत और दिनेश कुमार ने बताया जा रहा है कि काशनी क्षेत्र में जिन प्राकृतिक और पुराने जल स्रोतों से पानी की आपूर्ति जुड़ी थी। वे अब सूखने के कगार पर पहुंच चुके हैं। नियमित पानी न आने से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है। उधर, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता भलेई मनोहर सिंह ने बताया कि वर्तमान में पानी की कमी चकोली में पाइपलाइन टूटने के कारण आई है। पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य प्रगति पर है और पानी की आपूर्ति को पूरी तरह बहाल करने में एक से दो दिन का समय लग सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी प्रभावित क्षेत्रों को पर्याप्त पानी मिलना शुरू हो जाएगा।