चंबा। बसों सहित अन्य वाहनों में प्रेशर हॉर्न बजाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। इसके अलावा जिले में बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे वाहन चालकों के भी चालान काटे जाएंगे। ऐसे वाहनों से किसी प्रकार की भी संदिग्ध गतिविधि हो सकती है।
यह निर्देश पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि वे 15 दिन तक विशेष अभियान चलाकर प्रेशर हॉर्न और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाएं। 15 दिन में थानों की टीम जो भी कार्रवाई करेगी, उसकी रिपोर्ट बनाकर एसपी कार्यालय में जमा करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अकसर देखने में आ रहा है कि छोटे-बड़े वाहनों में बिना डर के प्रेशर हॉर्न बजाए जा रहे हैं। इससे ध्वनि प्रदूषण होता है, इसलिए सरकार की तरफ से वाहनों में प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल पूरी तरह से प्रतिबंध किया गया है। चंबा में वाहनों में ऐसे हॉर्न का प्रचलन बढ़ रहा है। जिसके खिलाफ पुलिस अब सख्ती से कार्रवाई करने जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि कई वाहनों में प्रेस लिखा गया है, जबकि उनका प्रेस से कोई भी लेना-देना नहीं है। ऐसे वाहनों के भी चालान काटे जाएंगे। इसके लिए उन्होंने पत्रकारों से भी आग्रह किया है कि वे चेकिंग के दौरान पुलिस को अपना आईडी कार्ड अवश्य दिखाएं, ताकि जाली प्रेस लिखने वालों पर भी कार्रवाई की जा सके।