चंबा में सलूणी के कंधवारा गांव तक सड़क पहुंचने पर नाटी डाल खुशी मनाते ग्रामीण।संवाद
सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की ग्राम पंचायत कंधवारा के तीन गांव कंधवारा, बदरोस और नेला अब सड़क सुविधा से जुड़ गए हैं। सड़क निर्माण के अवसर पर ग्रामीणों ने संगीत और नृत्य के माध्यम से खुशी जाहिर की। इस अवसर पर ग्रामीणों ने जेसीबी ऑपरेटर को नोटों का हार पहनाया। इसके बाद डीजे की धुनों पर थिरकते हुए सभी ने इस उपलब्धि को यादगार बनाने का प्रयास किया। सड़क निर्माण का काम करीब आठ लाख रुपये की लागत से हुआ है। इस सड़क से लगभग 400 ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। स्थानीय ग्रामीण केवल कुमार, दौलत राम, हेम राज, खिंदु राम, डिबरू राम, महेश कुमार, चंद सिंह और सुरेश कुमार ने विधायक डीएस ठाकुर, जिला परिषद सदस्य अर्चना कुमारी और समाजसेवी रमेश ठाकुर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सड़क अब उनके बच्चों, बुजुर्गों और सभी ग्रामीणों के लिए सुविधा का मार्ग खोलेगी।
चुनाव का बहिष्कार करने का किया था एलान, अब मिली सौगात
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार करने का एलान कर दिया था। उस समय उनका मुख्य आरोप यह था कि पंचायत के गांवों तक सड़क सुविधा नहीं है। इसके बाद तत्कालीन भाजपा प्रत्याशी डीएस ठाकुर ने ग्रामीणों से वादा किया कि चुनाव के बाद सड़क का निर्माण किया जाएगा। अब यह वादा पूरा हो गया है।
लोग बोले-अब फसल ले जाना, बच्चों को स्कूल पहुंचाना होगा आसान
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क आने के बाद उन्हें अब किसानों के लिए फसल ले जाना, बच्चों को स्कूल पहुंचाना और रोजमर्रा की खरीदारी करने में आसानी होगी। बुजुर्ग ग्रामीण भी कह रहे हैं कि पहले पैदल और कठिन रास्तों से गुजरना जीवन के लिए खतरा बन जाता था।
चंबा में सलूणी के कंधवारा गांव तक सड़क पहुंचने पर नाटी डाल खुशी मनाते ग्रामीण।संवाद