15वें वित्त आयोग के कार्यों की समीक्षा, नशा निवारण और महिला कल्याण योजनाओं पर मंथन
नशा निवारण और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर भी चर्चा
संवाद न्यूज़ एजेंसी
चुराह (चंबा)। पंचायत समिति तीसा की बैठक अध्यक्ष चैन लाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पंचायत समिति के विकास कार्यों की समीक्षा करने के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
इस दौरान गत तिमाही के आय-व्यय को पारित करने, 15वें वित्त आयोग के तहत करवाए जा रहे कार्यों की समीक्षा और आवश्यक संशोधनों सहित कई महत्वपूर्ण विषय बैठक के एजेंडे में शामिल रहे।
बैठक में नशा निवारण, तंबाकू मुक्त गांव और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई। इसके अलावा इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना और आदि कर्म योगी अभियान से संबंधित विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। पंचायत समिति सदस्यों की ओर से प्रस्तुत की जाने वाली जनसाधारण की समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान से जुड़े पहलुओं को भी बैठक में शामिल किया गया।
पंचायत समिति के अधीन आने वाली दुकानों, पंचायत समिति हॉल और विश्राम गृह का किराया निर्धारित करने का विषय भी बैठक के एजेंडे में रखा गया। साथ ही पंचायत समिति तीसा के अधीन कार्यरत कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि और वेतन निर्धारण से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की गई। बैठक में अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर अध्यक्ष की अनुमति से विचार करने का प्रावधान भी रखा गया। बैठक में पंचायत समिति उपाध्यक्ष शकुंतला देवी और सचिव पम्मी कुमार सहित संबंधित सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित रहे।