भरमौर (चंबा)। शीत ऋतु के दृष्टिगत जनजातीय उपमंडल भरमौर में विभिन्न व्यवस्थाओं को सुनिश्चित बनाने को लेकर लघु सचिवालय पट्टी के सभागार में कार्यवाहक एडीएम कुलबीर सिंह राणा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शीत ऋतु की दृष्टिगत की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए एडीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बर्फबारी के दौरान सड़क बहाली के लिए पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी मौसम के पूर्वानुमान के दृष्टिगत बर्फबारी की संभावना के मध्य नजर पहले से ही आवश्यक उपकरणों का कार्यशील होना सुनिश्चित बनाया जाएं। उन्होंने खंड चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक दवाइयों की आपूर्ति की उपलब्धता बनाए रखने और आशा वर्कर के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की सुविधा के लिए उचित प्रबंध व्यवस्था रखने को कहा। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से राशन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित बनाने को लेकर एडीएम ने संबंधित विभाग को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता भी सुनिश्चित बनाई जाए।
बैठक में दूरसंचार सेवाओं के बेहतर प्रबंधन को लेकर भी निर्देश जारी किए गए। उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया की पंचायत स्तर पर राहत एवं बचाव दल का गठन किया जाए जिसमें होमगार्ड, आपदा मित्रों और पुलिस कर्मचारियों को भी शामिल किया जाएं ताकि किसी भी प्रकार की आपदा से प्रभावित ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि उपमंडल स्तर पर तैनात सभी विभागीय अधिकारी नियुक्त किए गए नोडल अधिकारी की सूची दूरभाष नंबर कंट्रोल रूम पर उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने विद्युत बोर्ड को उपमंडल में बिजली की झूलती तारों और पोलो को व्यवस्थित करने और विभाग के पास आवश्यक मात्रा में ट्रांसफार्मर, पोल वैकल्पिक विद्युत लाइन आदि उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करें। बैठक में जनजातीय गौरव दिवस 2024 के समापन समारोह की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई।