चुराह (चंबा)। उपमंडल चुराह के तहत आती ग्राम पंचायत देहग्रां के तीन गांवों में बिजली आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। बिना बिजली के जहां विद्यार्थियों को चूल्हे में जलाई लकड़ियों की लौ में पढ़ाई करनी पड़ रही है। दूसरी तरफ गृहिणियों को भी खाना बनाने में परेशानी हो रही है। सर्दी बढ़ने से लोगों की दिक्कत और बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार गांव बंजवाड़ी, कचेला और त्रिडोग की आबादी करीब 150 है। लेकिन यहां पिछले 20 दिन से बिजली गुल है। ग्रामीण क्यूम खान, जान मोहम्मद, अयूब खान, राकेश कुमार, अमरेंद्र सिंह और देविया राम ने बताया कि यहां लगा ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। इस बारे में बोर्ड को कई बार बताया गया। अभी तक नया ट्रांसफार्मर नहीं पहुंच पाया है।
बोर्ड के अधिकारियों का सुस्त रवैया ग्रामीणों पर भारी पड़ रहा है। ऐसे में उन्हें अंधेरे में रातें काटनी पड़ रही है। बिजली आपूर्ति बहाल न होने को लेकर ग्रामीणों में खासा रोष है। उन्होंने बिजली बोर्ड से मांग की है कि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न पेश आए।
बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता अमित ठाकुर का कहना है कि यह मामला उनके ध्यान में है। नया ट्रांसफार्मर जल्द ही स्थापित किया जाएगा।