पड़ोसी राज्य जेएंडके की गाड़ियों से अत्यधिक रोड़ टैक्स वसूलने के विरोध में नाराजगी जताते श्रदध
चंबा। रोड टैक्स के नाम पर वसूली का आरोप लगाते हुए जम्मू-कश्मीर के श्रद्धालुओं ने जमकर हंगामा किया। श्रद्धालुओं ने सरकार और परिवहन विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की। गुस्साए श्रद्धालुओं ने यह मामला उपायुक्त अपूर्व देवगन से उठाया। डीसी ने श्रद्धालुओं को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया। इसके बाद श्रद्धालु शांत हुए।
जम्मू-कश्मीर से छड़ी लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं का आरोप है कि जिला मुख्यालय चंबा के साथ लगते शीतला पुल पर गाड़ियां पार्क करने की एवज में रोड टैक्स के नाम पर वसूली की जा रही है। श्रद्धालु महिंद्र और कुलदीप सिंह ने बताया कि हर वर्ष वे छड़ियां लेकर छोटे चौपहिया वाहनों और बसों के जरिये चंबा पहुंचते हैं। हिमाचल सरकार की ओर से उनसे छोटी गाड़ी के रोड टैक्स के रूप में एक दिन के 3500 रुपये और बसों के 6000 हजार रुपये वसूले जा रहे हैं। साथ ही वाहनों के चालान भी किए जा रहे हैं। शीतला ब्रिज के पास कुछ वाहनों के चालान भी काटे गए हैं। कहा कि इतनी दूरी से वे पवित्र यात्रा करने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन हिमाचल सरकार के निर्देश उनके गले से नहीं उतर रहे हैं। कहा कि यात्रा पर कई गरीब परिवार पैसे उधार लेकर टैक्सी वाहनों से यहां पहुंचते हैं। ऐसे में इस प्रकार का जजिया कर लगाना सही नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन से समस्या का समाधान करने की मांग उठाई है। उधर, उपायुक्त चंबा अपूर्व देवगन ने बताया कि श्रद्धालुओं की समस्या का समाधान करवा दिया गया है।