शहर के बस अड्डा से गांधी चौक जाने वाली सड़क की मरम्मत कार्य शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी में नई नगर परिषद के गठन के बाद विकास कार्यों ने गति पकड़नी शुरू कर दी है। बस अड्डा से गांधी चौक (वाया गुरु नानक पब्लिक स्कूल) जाने वाली सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है।
इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को राहत मिली है। लंबे समय से यह सड़क कई जगह से उखड़ी हुई थी। इस कारण वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। पर्यटन सीजन के दौरान सड़क की खराब स्थिति स्थानीय निवासियों के साथ डलहौजी आने वाले पर्यटकों के लिए भी चिंता का विषय बनी हुई थी। वार्ड नंबर 9 के पार्षद तिलक राज ज्वाला ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मामला बीआरओ (बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन) के समक्ष उठाया। सड़क बीआरओ के अधीन होने के कारण संबंधित अधिकारियों ने मामले पर कार्रवाई करते हुए मरम्मत कार्य शुरू करवा दिया है। सड़क सुधार कार्य शुरू होने पर स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने खुशी जताई है। उनका कहना है कि इससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी और पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
स्थानीय निवासी अजय, विक्रांत, रवि, कुलदीप, विकास ने नगर परिषद डलहौजी की अध्यक्ष वंदना चड्ढा और पार्षद तिलक राज ज्वाला का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि नई नगर परिषद के गठन के तुरंत बाद विकास कार्यों की शुरुआत होना सकारात्मक संकेत है। इससे शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में मदद मिलेगी और पर्यटन नगरी डलहौजी की छवि भी और बेहतर होगी।