चंबा। डेंगू बुखार मादा एडीज एजिप्टी नामक मच्छर के काटने से होने वाली बीमारी है। इन मच्छरों की उत्पत्ति ज्यादातर बरसात और उसके बाद के शुरू होने वाले मौसम में होती है।
इसका मुख्य कारण बरसात में होने वाली बारिश के पानी का बेकार पड़े टायरों, टूटे फूटे बर्तनों या प्लास्टिक के कचरे में इकट्ठा होना है। इन मच्छरों की उत्पत्ति फ्रिज की ट्रे एवं कूलर के खड़े पानी में भी हो सकती है। यह बात मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर विशाल महाजन ने राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि लोग ऐसे मौसम में बरसात के पानी को बेकार पड़े कंटेनर में इकट्ठा न होने दें। साथ ही उन्हें मच्छर न काटे, इसके लिए बाजू व टांगों को ढकने वाले कपड़े पहनें। घर में सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। सप्ताह में एक बार फ्रिज की ट्रे और कूलर की सफाई करें। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर डॉ. जालम सिंह भारद्वाज एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पुरी ने भी नर्सिंग की छात्राओं को डेंगू रोग के बारे में जानकारी दी। इस दौरान भाषण एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इसमें जीएनएम की छात्रा पायल, पलक, निशा, साक्षी, अनु, चारु, स्नेहा, रूपाली, शिवानी व पायल ने भाग लिया। प्रतियोगिता में विजेता रहने वाली छात्राओं को मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पुरस्कर देकर सम्मानित किया।