तीसा (चंबा)। भलुई निवासी ठाकुर लाल के साथ रास्ता रोककर मारपीट करने के आरोपी तीन युवकों को चौकी में तलब कर पूछताछ करने की मांग प्रभावित ने पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव से लगाई है।
पीड़ित ठाकुर लाल ने बताया कि 29 मई को वह अपने पिकअप वाहन में सीमेंट लेकर देहरोग से भराड़ा के लिए जा रहा था। भराड़ा पहुंचने पर अपने दोस्त के साथ बातचीत कर रहा था। इतने में नशे की हालत में बंटी, दीप और तरुण वहां पहुंच गए। उन्होंने बेवजह उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। ऐसा करने से मना करने पर लात-घूंसे बरसाना शुरू कर दिया। बताया कि उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर दोस्त के साथ अन्य लोगों ने युवकों के चंगुल से छुड़ाया। पुलिस चौकी नकरोड़ में उन्होंने शिकायत दी है। बावजूद इसके युवकों को पूछताछ के लिए नहीं बुलाया गया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से तीनों को पुलिस चौकी में तलब कर मामले की छानबीन करने की मांग उठाई है। उधर, पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि चौकी प्रभारी को उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।