पेंशनरों की लंबित वित्तीय देनदारियों पर पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन ने जताया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक प्रधान पीएल ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। इसमें पेंशनरों की लंबित वित्तीय देनदारियों का भुगतान नहीं होने पर रोष जताया गया।
एसोसिएशन ने राज्य सरकार से दीपावली से पहले 15 फीसदी महंगाई भत्ता और इसका बकाया एरियर जारी करने की मांग उठाई। बैठक में राज्य स्तरीय प्रधान सुरेश ठाकुर, जिला कांगड़ा प्रधान रविंद्र राणा और कोषाध्यक्ष सेठ राम विशेष रूप से उपस्थित रहे। एसोसिएशन के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान राज्य स्तरीय प्रधान सुरेश ठाकुर ने सरकार को सौंपे गए 17 सूत्रीय मांगपत्र के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की और लंबित मांगों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया। सदस्यों ने कहा कि वित्तीय लाभ लंबे समय से लंबित रहने के कारण पेंशनरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध तरीके से भुगतान करना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि दीपावली से पहले महंगाई भत्ता और एरियर जारी कर पेंशनरों को राहत दी जाएगी। बैठक में भारतीय पेंशन संघ के सदस्य भी उपस्थित रहे।