बनीखेत में शुक्रवार को एलपीजी सिलिंडर भरवाते उपभोक्ता। संवाद
पेंशन वेलफेयर एसोसिएशन प्रधान ने पेट्रोलियम मंत्री को भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिहुंता (चंबा)। घरेलू गैस सिलिंडर की रिफिल बुकिंग अवधि को लेकर उपभोक्ताओं ने केंद्र सरकार से राहत की मांग उठाई है।
पेंशन वेलफेयर एसोसिएशन सिहुंता के प्रधान ओंकार चौहान ने भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री को ज्ञापन भेजकर घरेलू गैस सिलिंडर की रिफिल बुकिंग के लिए निर्धारित 45 दिन की अवधि को घटाकर पहले की तरह 21 दिन करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में अधिकांश परिवारों में चार से पांच सदस्य होते हैं। घरों में प्रतिदिन तीन समय भोजन तैयार किया जाता है। ऐसे में 14 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलिंडर की खपत जल्दी हो जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस ही खाना पकाने का मुख्य साधन है। कई परिवारों के पास इसका कोई अन्य विकल्प नहीं है। 45 दिन की अनिवार्य बुकिंग अवधि के कारण कई उपभोक्ताओं को गैस खत्म होने के बाद भी सिलिंडर मिलने के लिए इंतजार करना पड़ता है। संवाद